पत्नी के प्रेमी को फरसा से मार डाला, झोपड़ी में साथ सो रही पत्नी पर भी किया घातक हमला

Rohit Kumar
2 Min Read

शंकरगढ़ में एक युवक ने शनिवार की रात अपनी पत्नी और उसके प्रेमी पर गंड़ासे से हमला कर दिया। पत्नी के प्रेमी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पत्नी गंभीर है। वारदात को अंजाम देकर वह भाग निकला। शंकरगढ़ पुलिस एफआईआर दर्ज करके आरोपी युवक की तलाश कर रही है।

पुलिस ने बताया कि बघला थाना लालापुर निवासी गजेंद्र उर्फ गंगा की शादी निर्मला (33) से हुई थी। करीब एक साल पहले निर्मला का पति से विवाद हो गया। सोमकरण यादव (27) पुत्र गजराज प्रसाद यादव निवासी कोटा से निर्मला की प्रेम कहानी शुरू हो गई। सोमकरण आमगोदर गांव में रह कर मजदूरी करता था। निर्मला ने एक साल पहले अपने पति को छोड़ दिया और प्रेमी के साथ रहने लगी। सोमकरण यादव के चाचा भैया लाल ने बताया कि शनिवार की रात वह घर के बाहर सो रहा था। अंदर सोमकरण और निर्मला सो रही थी। आधी रात को गजेंद्र पहुंचा और गंड़ासे से सोमकरण पर हमला कर दिया। निर्मला ने बचाने का प्रयास किया तो उस पर भी हमला कर दिया। चीखने पर परिजन जग गए। आरोपी भाग निकला। घायल हालत में दोनों को अस्पताल ले गए, जहां पर सोमकरण को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं निर्मला का इलाज चल रहा है। वारदात की सूचना पर पहुंचे एसीपी बारा संतलाल सरोज और शंकरगढ़ एसओ मनोज सिंह ने मौका मुआयना किया। फोरेंसिक टीम की मदद से जांच की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। सोमकरण के पिता गजराज प्रसाद ने शंकरगढ़ थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

Share This Article
Leave a Comment