
ग्रेटर नोएडा। एनटीपीसी दादरी में 30 अक्टूबर से 05 नवंबर, 2023 के दौरान सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। सप्ताह का उद्घाटन करते हुए श्री गंपा ब्रह्माजी राव, मुख्य महाप्रबंधक (दादरी) ने कर्मचारियों को हिंदी में सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। श्री जीयूवीएम राव, महाप्रबंधक (प्रचलन और अनुरक्षण) ने अंग्रेजी में शपथ दिलाई।

इसी क्रम में श्री राजशेखर पाला, महाप्रबंधक (प्रचालन) और श्री एन.एन सिन्हा, महाप्रबंधक (अनुरक्षण और एफएम) ने क्रमशः भारत के राष्ट्रपति और भारत के उपराष्ट्रपति का संदेश पढ़ा। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाने का विषय “भ्रष्टाचार को ना कहें, राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्ध रहें” है।
“सतर्कता जागरूकता सप्ताह” के उद्घाटन समारोह में सभा को संबोधित करते हुए श्री राव ने कर्मचारियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते समय पारदर्शिता के लिए निवारक सतर्कता उपायों को अपनाने के लिए कार्य और प्रक्रिया नीति के बारे में जागरूक होने का आग्रह किया।
इस अवसर पर श्री जी के सब्बरवाल, उप महाप्रबंधक (सतर्कता) ने आने वाले सप्ताह की रूपरेखा बताई। एनटीपीसी दादरी अन्य कार्यक्रमों जैसे कला प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, निबंध प्रतियोगिता, वाक कला प्रतियोगिता आदि का आयोजन करेगी।
इस अवसर पर सीआईएसएफ के विभागाध्यक्ष, जवान, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
