
नई दिल्ली। दिल्ली में शराब की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू हो गई है। दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत ढांचा विकास निगम ने इसके लिए मोबाइल एप शुरू किया है। हालांकि, इस सुविधा के तहत शराब की घर पर आपूर्ति नहीं की जाएगी।
ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान करने के बाद उपभोक्ताओं को संबंधित ठेके पर जाकर शराब लेनी होगी। इसके लिए 48 घंटे की समयसीमा तय की गई है।
208 ठेकों पर मिलेगा सुविधा का लाभ
अधिकारियों के अनुसार, यह सुविधा फिलहाल डीएसआईआईडीसी के अपने 208 शराब ठेकों पर ही उपलब्ध है। दिल्ली में चार सरकारी निगमों को शराब की खुदरा बिक्री की अनुमति है और इनके 700 से अधिक ठेके हैं। आनलाइन बुकिंग के प्रति उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया अभी उत्साहजनक नहीं है। आगे इस सुविधा का विस्तार उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया के आधार पर किया जाएगा।
ऑनलाइन देख पाएंगे ब्रांड
दिल्ली लिकर बुकिंग एप के माध्यम से उपभोक्ता उपलब्ध ब्रांड देख सकते हैं। इसके बाद अपनी पसंद की दुकान, बोतल का आकार और मात्रा चुनकर ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। बुकिंग पूरी होने पर उन्हें क्यूआर कोड मिलेगा, जिसे ठेके पर दिखाकर शराब प्राप्त की जा सकेगी।
आबकारी नियमों के अनुसार, एप से बुकिंग के लिए न्यूनतम उम्र 25 वर्ष होनी चाहिए। एक व्यक्ति अधिकतम नौ लीटर व्हिस्की और 18 लीटर बीयर ही खरीद सकता है।
रद कर सकते हैं बुकिंग
अधिकारियों के अनुसार, शराब प्राप्त करने से पहले बुकिंग रद करने की सुविधा है, लेकिन खरीदे गए या प्राप्त किए जा चुके उत्पाद वापस नहीं किए जा सकेंगे।
इस व्यवस्था का उद्देश्य ठेकों पर लगने वाली कतारों को कम करना, भुगतान काउंटरों पर दबाव घटाना और मूल्य निर्धारण तथा बिलिंग में पारदर्शिता बढ़ाना है। साथ ही, उपभोक्ताओं को अपनी पसंद का ब्रांड चुनने में आसानी होगी।
