दिल्ली- उन्नाव दुष्कर्म मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट से मिली सशर्त जमानत के फैसले को लेकर विवाद गहरा गया है। इस निर्णय के विरोध में बड़ी संख्या में लोग हाईकोर्ट परिसर के बाहर एकत्र हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से तत्काल क्षेत्र खाली करने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय परिसर के बाहर प्रदर्शन की अनुमति नहीं है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर में जाकर अपनी बात रखने की सलाह दी गई है।
वहीं, जमानत के आदेश पर पीड़िता के परिवार ने कड़ी नाराजगी जताई है। पीड़िता की मां ने कहा कि इस फैसले से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है और वे इसके खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में अपील करेंगी। उनका कहना है कि अब उन्हें हाईकोर्ट के फैसले से न्याय की उम्मीद नहीं रही और वे सुप्रीम कोर्ट में इंसाफ की गुहार लगाएंगी।
पीड़िता की मां ने यह भी कहा कि उनके पति की हत्या के दोषियों को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए और वे इस लड़ाई को अंत तक लड़ेंगी।

