गाजियाबाद/इंदिरापुरम- नीतिखंड तीन की रहने वाली अनुराधा के साथ 23 अगस्त को हुई कुत्ते की काटने की घटना के बाद अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुकान मालिक जितेंद्र वर्मा के खिलाफ दो सितंबर की रात मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं पीड़ित युवती का इलाज जारी है।
मुकदमे में अनुराधा ने बताया कि वह 23 अगस्त की सुबह करीब 9:45 बजे एक्सप्रेस मार्केट स्थित हर्षा फूड विलेज दुकान से दूध लेने गई थीं। वहां एक कुत्ता स्वतंत्र रूप से घूम रहा था, जिसने अचानक उन पर हमला कर काट लिया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से कुत्ते को हटाकर युवती को बचाया गया। अनुराधा ने आरोप लगाया कि उक्त कुत्ता आवारा था और उसकी देखभाल दुकान के मालिक द्वारा की जा रही थी। जांच में यह भी पता चला कि कुत्ते को रैबीज का टीका नहीं लगा था और उसका नगर निगम में कोई पंजीकरण भी नहीं था।
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि दुकान मालिक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के दिन की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे पूरे मामले की पुष्टि होगी। जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

