स्पेशल सेल की दो बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर हैरी बॉक्सर और गला घोटू गिरोह से जुड़े अपराधी गिरफ्तार

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अपराध के खिलाफ स्पेशल सेल और जिला पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गिरोहों से जुड़े चार अपराधियों को दबोच लिया। दोनों घटनाओं में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आरोपियों को गोली लगी है।

न्यू अशोक नगर में मुठभेड़, हैरी बॉक्सर गैंग से जुड़े दो बदमाश दबोचे गए

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने न्यू अशोक नगर इलाके में कार्रवाई करते हुए रोहित गोदारा गैंग से जुड़े दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए बदमाशों की पहचान कार्तिक जाखड़ और कविश के रूप में हुई है, जिनके तार अमेरिका में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर से जुड़े हैं। इन पर आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

स्पेशल सेल को खुफिया सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश न्यू अशोक नगर इलाके में आने वाले हैं। टीम ने मौके पर पहुंचकर जाल बिछाया, लेकिन आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी के पैर में गोली मारकर दोनों को धर दबोचा।

केशवपुरम में गला घोटू गैंग के दो अपराधी पकड़े, एक को लगी गोली

वहीं उत्तर-पश्चिम दिल्ली के केशवपुरम क्षेत्र में जिला पुलिस ने गला घोटू गिरोह के दो सक्रिय बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक आरोपी राजू उर्फ अजय उर्फ कंगारू के पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए दीपचंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके साथी रवि उर्फ गोटिया को भी मौके से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राजू पर 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि रवि पर चोरी, डकैती, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, और सेंधमारी जैसे 7 संगीन मुकदमे पहले से चल रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment