ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी के पैसे के लेनदेन में इस्तेमाल होने के शक में एक बैंक खाते के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जांच में पता चला कि इस खाते के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर देशभर से 94 शिकायतें दर्ज हैं। पिछले छह महीने में इस खाते से करीब 76 लाख रुपये का लेनदेन किया गया है।
पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आठ जुलाई को साइबर हेल्प डेस्क के उपनिरीक्षक धीरेंद्र कुमार को 102 संदिग्ध बैंक खातों की जांच सौंपी गई थी। सूरजपुर कस्बा स्थित जम्मू एंड कश्मीर बैंक के अधिकारियों ने पुलिस टीम को एक संदिग्ध खाते की जानकारी दी।
विभिन्न राज्यों में 94 शिकायतें
यह खाता बुलंदशहर जिले के उदयपुर खुर्द बांगर निवासी महिला के नाम पर है। बैंक रिकार्ड में पिछले छह महीनों में इस खाते से लगभग 76 लाख रुपये का लेनदेन मिला। लेनदेन का पैटर्न संदिग्ध होने पर पुलिस ने खाते का विवरण एनसीआरपी पोर्टल पर क्रास चेक किया।
वहां इस खाते से जुड़ी साइबर ठगी की 94 शिकायतें विभिन्न राज्यों से दर्ज मिलीं। सबसे ज्यादा शिकायतें उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा और मध्य प्रदेश से हैं। जांच में यह भी पता चला कि इसी खाते के संबंध में बिहार के मुंगेर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में पहले से साइबर अपराध का मामला दर्ज है।
प्रभारी निरीक्षक उमेश चंद नैथानी ने बताया कि बैंक से मिले केवाईसी दस्तावेज, खाते का विवरण और एनसीआरपी की शिकायतों के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस इन बिंदुओं पर कर रही जांच
महिला खुद इस रैकेट में शामिल थी या उसका खाता किसी साइबर गिरोह ने किराए पर लिया था। 76 लाख रुपये कहां-कहां गए और किन म्यूल खातों में ट्रांसफर हुए। इस गिरोह से जुड़े अन्य खाताधारकों और एजेंटों की पहचान की जा रही है। साइबर सेल की मदद से ठगी की रकम को ट्रेस किया जा रहा है।

