साहिबाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र में टीएमसी मोड़ पर सड़क पार कर रहे बाइक सवार को बस चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। इसका विरोध करने पर चालक व परिचालक ने पीड़ित की लोहे की रॉड से पिटाई कर दी।
पीड़ित को गंभीर चोट आई है। पीड़ित ने आरोपित चालक परिचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
लाजपत नगर निवासी अरविंद झा ने बताया कि 22 जुलाई की रात करीब नौ बजे वह टीएमसी रोड स्थित एक कार शोरूम के सामने बाइक से सड़क पार कर रहे थे।
तेज रफ्तार ने बाइक को मारी टक्कर
इसी दौरान तेज रफ्तार उत्तराखंड की एक बस ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। जब उन्होंने टक्कर मारने की विरोध किया तो चालक और परिचालक ने बस से उतर कर उनके साथ गाली-गलौज की। उनपर लोहे की राड से हमला कर दिया। हमले से उनके सिर में गंभीर चोट पहुंची।
शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपित मौके से फरार हो गए। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि पीड़ित ने बस का नंबर दिया है। बस चालक परिचालक को नोटिस भेजकर आगे कार्रवाई की जा रही है।
