नोएडा में दर्दनाक हादसा: सेफ्टी टैंक में गिरने से दो सगे भाइयों की मौत

Amit
2 Min Read

नोएडा- नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। चोटपुर कॉलोनी में बने एक घर के सेफ्टी टैंक की स्लैब अचानक टूट जाने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई।

पुलिस को डायल 112 के जरिए सूचना मिली कि दो लोग सेफ्टी टैंक में गिर गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

मृतकों की पहचान चंद्रभान (40 वर्ष) और राजू (26 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बुलंदशहर जिले के रहने वाले थे और वर्तमान में चोटपुर कॉलोनी, गौतमबुद्धनगर में अपने घर में रहते थे। दोनों भाई पेशे से बढ़ई (कारपेंटर) थे और खोड़ा क्षेत्र में काम करते थे।

हादसा तब हुआ जब घर के सेफ्टी टैंक की कंक्रीट स्लैब अचानक टूट गई। चंद्रभान टैंक में गिर गए और उन्हें बचाने के लिए छोटा भाई राजू भी नीचे उतर गया। लेकिन टैंक में ऑक्सीजन की कमी और गैस के कारण दोनों का दम घुट गया।

स्थानीय निवासी हेमंत, जो दोनों भाइयों को बचाने पहुंचे थे, भी नीचे उतरने की कोशिश में बेहोश हो गए, लेकिन समय रहते उन्हें बाहर निकाल लिया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

बचाव दल ने कटर की मदद से फर्श तोड़कर दोनों भाइयों को बाहर निकाला, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Share This Article
Leave a Comment