दो करोड़ की रंगदारी न देने पर कारोबारी को हत्या की धमकी, कहा-जब मां-बाप को मार दिया तो तू क्या चीज है…

Rohit Kumar
2 Min Read

कानपुर. उत्तर प्रदेश की कारोबारी राजधानी कानपुर (Kanpur News) के मशहूर उद्योगपति और सोमानी स्टील्स (Somani Steel) के मालिक नरेश सोमानी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. नरेश सोमानी ने इस संबंध में स्वरूप नगर थाने में राजेश सिंह उर्फ़ गुड्डू सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. इसमें उन्होंने बताया कि गुड्डू सिंह ने रुपये न देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी है. पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

कानपुर के स्वरूप नगर इलाके में रहने वाले नरेश सोमानी ने पुलिस को बताया कि गुड्डू सिंह उन्हें काफी वक्त से परेशान कर रहा है. वह पहले भी रंगदारी मांगता रहा है, जिन्हें वह पूरा करते रहे हैं. वहीं अब उसने दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांग ली है.

नरेश सोमानी के मुताबिक गुड्डू ने उन्हें बताया कि वह वाराणासी में बाहुबली नाम से प्रसिद्ध है. वह उन्हें धमकी दे रहा है कि उसने वाराणसी में अपने मां-बाप को खुद मार दिया था. ऐसे में अगर उसकी मांग पूरी न की गई तो वह पूरे सोमानी परिवार को मार डालेगा.

इस संबंध में कानपुर वेस्ट के एडीसीपी बृजेश श्रीवास्तव ने कहा, ‘उद्योगपति नरेश सोमानी की तहरीर पर धारा 386 (डर दिखाकर वसूली करना), 506 (जान से मारने की धमकी देना) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. यह भी पता किया जा रहा है कि पहले जो मांगें पूरी की गई है, वह किन कारणों से की गई थी.’

Share This Article
Leave a Comment