शादी के झांसे में फंसी महिला, आरोपी ने किया शोषण और लाखों की वसूली

Amit
2 Min Read

आरोपी युवक ने विश्वास में लेकर किया शोषण, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वसूले लाखों रुपए

नरसिंहपुर। डोभी क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जिसमें एक विधवा महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, वीडियो के ज़रिए ब्लैकमेल और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है। पीड़िता अपनी शिकायत लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और चार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की।

महिला के अनुसार, उसके पति की मृत्यु 2015 में हो गई थी और तब से वह अपने दो छोटे बच्चों और बुजुर्ग दादी के साथ जीवनयापन कर रही थी। इसी बीच एक युवक, आशीष कुशवाहा, से जान-पहचान हुई, जिसने शादी का प्रस्ताव रखा और धीरे-धीरे महिला के घर आने-जाने लगा। विश्वास में लेकर आरोपी ने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और चुपके से उसके आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।

महिला का आरोप है कि आरोपी ने वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे डराया और लगभग 2.5 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब पीड़िता ने आर्थिक परेशानी का हवाला देते हुए पैसे लौटाने को कहा, तो आशीष आक्रामक हो गया।

पीड़िता ने यह भी बताया कि 15 मई को आशीष अपने तीन साथियों—राजाराम कुशवाहा, टीकाराम कुशवाहा और पुरुषोत्तम ठाकुर—के साथ हथियार लेकर उसके घर पहुंचा और धमकाने लगा कि न तो शादी करेगा, न पैसे लौटाएगा, और यदि उसने शिकायत की तो जान से मार देगा। अगले ही दिन जब महिला शिकायत दर्ज कराने महिला थाने जा रही थी, तो आरोपियों ने उसका पीछा भी किया।

किसी तरह से वह एसपी कार्यालय पहुंची और पूरी घटना की लिखित शिकायत दी, जिसके बाद मामला तूल पकड़ने लगा है।

Share This Article
Leave a Comment