मंदिर से मूर्ति चुराकर भागते समय घायल हुआ चोर, अस्पताल पहुंचते ही पुलिस के हत्थे चढ़ा

News Desk
3 Min Read

 गाजियाबाद। तिगरी गोलचक्कर के पास स्थित शनि मंदिर से बुधवार तड़के कान्हा की मूर्ति चुराकर भागते ही चोर चोटिल हो गया। पैर में लगी चोट के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा तो शायद उसे लगा कि अब दर्द से राहत मिल जाएगी, लेकिन यहीं से उसकी मुश्किल शुरू हो गई।

अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज में उसका चेहरा कैद हो गया। पुलिस ने तस्वीर हासिल कर एआइ आधारित यक्ष एप से मिलान कराया तो उसकी पहचान के साथ पूरा आपराधिक इतिहास भी सामने आ गया। इस तरह मंदिर से चोरी के कुछ ही घंटे बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

तिगरी के ही अस्पताल में पहुंचा आरोपी

मामला क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र का है। बुधवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि तिगरी गोल चक्कर के पास स्थित शनि मंदिर का ताला तोड़कर बदमाश भगवान की मूर्तियां और पूजा का सामान चोरी हो गया है।

मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू की तो पाया कि मूर्तियों को थैले में भरकर भागते समय बदमाश के पैर में चोट लग गई। चोट इतनी लगी कि उसे उपचार की जरूरत पड़ी और वह तिगरी के ही एक अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंच गया।

वहां उसने ड्रेसिंग कराई और अस्पताल के रिकॉर्ड में अपना नाम-पता भी सही दर्ज कराया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोर की तलाश में वीडियो देख रही थी। इसी दौरान अस्पताल की फुटेज में चोरी के बाद घायल हालत में पहुंचे युवक की तस्वीर पुलिस के हाथ लग गई।

यक्ष एप ने खोल कर रख दी कुंडली

पुलिस ने अस्पताल के रिकॉर्ड से मिली जानकारी और फुटेज को आधार बनाया। इसके बाद युवक की फोटो का यूपी पुलिस के एआई आधारित यक्ष एप से मिलान कराया गया। तकनीक ने उसकी पहचान की पुष्टि करने के साथ उसका आपराधिक इतिहास भी सामने ला दिया।

आरोपित की पहचान मूल रूप से मेरठ के परतापुर थानाक्षेत्र के काशी गांव निवासी 24 वर्षीय दानिश के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार वर्तमान में आरोपित नोएडा सेक्टर 123 स्थित राधाकुंज में रह रहा था।

जांच में सामने आया कि उसके खिलाफ नोएडा में चोरी, एनडीपीएस एक्ट और नाबालिग से दुष्कर्म के तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दानिश के कब्जे से लड्डू गोपाल की बड़ी और छोटी पीतल की मूर्तियां, राधा रानी की मूर्ति, गदा, तांबे की चरण पादुका, पीतल के लोटे, दीपक और घंटी समेत करीब 2.5 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया।

एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपित की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। अस्पताल में दर्ज जानकारी से भी उसकी पहचान पुष्ट हुई। उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment