लोनी में हिंदू रक्षा दल कार्यकर्ताओं से मारपीट और पिस्टल दिखाने का आरोप, छह नामजद समेत 50 पर केस

News Desk
3 Min Read

लोनी। हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं से मारपीट कर पिस्टल दिखाने वाले आरोपित 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।

शिकायत पर पुलिस ने महिला समेत छह नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की तीन टीम आरोपितों की तलाश में जुटी हैं। इस मसले पर लोनी विधायक ने कहा कि शहर का माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

राम विहार कॉलोनी निवासी हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता सुमित सूद दो सितंबर को दोपहर करीब ढाई बजे साथी मोहित के साथ बाइक से राशिद अली गेट होते हुए इंद्रापुरी स्थित कार्यालय जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि रास्ते में हाजी सलमान और उसके भाई शाहनवाज की कार खड़ी थी। मोबाइल पर काल आने पर सुमित बाइक रोक कर बात करने लगे। आरोप है कि कार में बैठे शहनवाज ने हार्न बजाते हुए उसने पूछा कि क्या वह हिंदू रक्षा दल से है।

उनके द्वारा हामी भरने पर दोनों में विवाद होने लगा। शाहनवाज ने काल कर सलमान को मौके पर बुला लिया। सलमान और शाहनवाज ने गाली-गलौज कर जातिसूचक टिप्पणी की। विरोध करने पर उन दोनों के साथ आरोपितों ने मारपीट की।

आरोपितों पर मोबाइल और सोने की चेन छीनने का आरोप उन्होंने लगाया। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे युवक गौरव के गले से भी चेन तोड़ ली। उन्होंने बताया कि सलमान की मां ने पिस्टल देकर उन्हें व साथी को जान से मारने की बात कही।

सलमान ने तानी पिस्टल तो गौरव ने छीनी

सलमान के पिस्टल तानने पर गौरव ने छीन ली। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें बचाया। हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय संगठन मंत्री अमित प्रजापति ने कहा कि जल्द आरोपित न पकड़े तो राशिद अली गेट पर शुक्रवार को नमाज के समय हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे।

वहीं, मामले की जानकारी मिलने पर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर देर शाम थाने पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। वह आरोपितों पर बुलडोजर कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री से बात करेंगे।

एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि शिकायत पर सलमान, शहनवाज, शेरखान, संजीदा, कल्लू बेग, अकरम समेत 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की तीन टीम आरोपितों की तलाश में जुटी है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment