इंस्टाग्राम दोस्ती की पहली मुलाकात बनी खूनी, पांच नाबालिगों ने युवक की हत्या की

News Desk
2 Min Read

बाहरी दिल्ली। तीन महीने पहले इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती जब पहली बार मुलाकात तक पहुंची, तो किसी ने नहीं सोचा था कि इसका अंत खून-खराबे से होगा।

अविवाहित सुनील अपनी महिला मित्र देवकी से मिलने भारत नगर थाना अंतर्गत खिम्मन सिंह पार्क पहुंचा था। वहां दोनों बातचीत में मशगूल थे कि तभी पहुंचे पांच नाबालिगों ने देवकी पर अश्लील टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। सुनील ने विरोध किया तो आरोपितों ने अचानक चाकू निकाल लिया और ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।

मुलाकात खूनी वारदात में बदली

पुलिस जांच में सामने आया है कि सुनील और देवकी की पहचान इंस्टाग्राम पर होने के बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला बढ़ता गया और उन्होंने पहली बार आमने-सामने मिलने का फैसला किया। इसके बाद तय योजना के तहत दोनों पार्क पहुंचे थे, लेकिन कुछ ही मिनटों में यह मुलाकात खूनी वारदात में बदल गई।

जांच में यह भी पता चला है कि पांचों नाबालिग अपने साथ दो चाकू लेकर पार्क पहुंचे थे। आपराधिक प्रवृत्ति के आरोपितों की राह चलते लोगों से विवाद व अभद्रता करने की आदत थी। पकड़े गए आरोपितों में कोई आठवीं, तो कोई दसवीं व बारहवीं कक्षा का छात्र है।

एक घंटे में दबोचा गया आरोपित

वहीं, इनमें से एक आरोपित को सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली जानकारी के बाद महज एक घंटे के भीतर धर दबोचा गया। उसकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपितों को भी देर शाम पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य आरोपित दिल्ली छोड़कर भागने की फिराक में थे।

पूछताछ में इस योजना का पता चलते ही पुलिस टीम ने पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के समीप घेराबंदी कर बाकी दोनों आरोपितों को भी दबोच लिया। पीड़िता देवकी अपने पति को छोड़कर माता-पिता के साथ रहती है, जबकि मृतक सुनील के माता-पिता गांव में रहते हैं।

Share This Article
Leave a Comment