दिल्ली- ज्योति नगर इलाके में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ आपसी विवाद ने एक किशोर की जान ले ली। कर्दमपुरी में रहने वाले 15 वर्षीय अली फैज की उसके परिचित युवकों ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस शुरुआती जांच में इसे पुरानी रंजिश और मौके पर हुए तकरार से जुड़ा मामला मान रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना ज्योति नगर की टीम भीमराव अंबेडकर कॉलेज पहुंचे, जहाँ से पता चला कि घायल किशोर को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल पहुँचने तक अली फैज ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा के अनुसार, मामले में एक नाबालिग सहित दो संदिग्धों की भूमिका सामने आ रही है। परिवार में माता-पिता, एक भाई और बहन पीछे रह गए हैं।
जांच में पता चला कि घटना से कुछ दिन पहले भी मृतक और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था। शुक्रवार को सभी एक साथ बैठे थे, तभी सिगरेट पीने के बाद आरोपियों ने फैज पर शराब लाने या पिलाने का दबाव बनाया। फैज द्वारा इनकार किए जाने पर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर आरोपियों ने उस पर चाकू से कई वार कर दिए।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। संभावित आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं।
