अमेठी। बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें किसी समारोह में आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में युवतियों के नृत्य करने के दौरान स्टेज पर ही एक युवक असलहे से फायरिंग करता दिख रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। वहीं पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच के बाद इसे फर्जी बताया है।
बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए वीडियो में किसी आयोजन में आर्केस्ट्रा में कई युवतियां नृत्य करती दिख रही हैं। तीन-चार युवक भी स्टेज पर डांस कर रहे हैं। इसी दौरान एक युवक ने असलहा निकालकर स्टेज पर ही फायर कर दिया। जिससे नृत्य कर रही युवतियां डर जाती हैं। वीडियो वायरल करने वालों ने इसे जामो थाना क्षेत्र के राघव पंडित का पुरवा का बताया है। इस संबंध में एसपी डा. इलामारन जी ने बताया कि संबंधित गांव में जांच की गई तो कुछ दिनों पूर्व एक शादी समारोह होने की जानकारी मिली। परिजनों ने समारोह में इस तरह की किसी भी फायरिंग की घटना से इंकार करते हुए साक्ष्य में कार्यक्रम की वीडियो रिकार्डिंग प्रस्तुत किया है। उन्होंने बताया कि परिजनों ने छवि धूमिल करने के लिए वीडियो वायरल करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की बात कही है। तहरीर मिलते ही मामले में पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।

