नई दिल्ली। दिल्ली को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और दिल्ली राज्य स्वास्थ्य मिशन की ओर से जनप्रतिनिधियों की सेंसिटाइजेशन वर्कशॉप आयोजित की गई।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए सांसदों, विधायकों, पार्षदों के साथ-साथ कार्पोरेट संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए और आम नागरिकों से ””निक्षय मित्र”” बनकर टीबी मरीजों की मदद करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसे जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाना होगा।
मुख्यमंत्री ने दिए वार्ड स्तर पर अभियान विस्तार के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने टीबी जागरूकता पर आधारित वीडियो प्रदर्शित किया, जबकि दिल्ली राज्य स्वास्थ्य मिशन ने अभियान की उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना पर प्रस्तुति दी।
मुख्यमंत्री ने टीबी जागरूकता और निक्षय मित्र अभियान से जुड़े स्टॉलों का निरीक्षण कर मरीजों को दी जा रही पोषण सहायता, पुनर्वास और डिजिटल सहयोग व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अभियान को वार्ड और विधानसभा स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को लेकर पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित टीबी रोगियों की अधिसूचना (नोटिफिकेशन) के लक्ष्य के मुकाबले दिल्ली लगातार 95 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल कर रही है।
उन्होंने कहा कि समय पर जांच और पूरा उपचार मिलने पर टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है, इसलिए जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें और इलाज पूरा कराने के लिए प्रेरित करें।
3,300 से अधिक सहयोगियों ने पहुंचाए 1.2 लाख पोषण किट
दिल्ली सरकार के अनुसार राजधानी में अब तक 3,300 से अधिक निक्षय मित्र अभियान से जुड़ चुके हैं और उनके सहयोग से 1.2 लाख से अधिक पोषण आहार (फूड बास्केट) टीबी मरीजों तक पहुंचाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि निक्षय मित्र केवल पोषण सहायता नहीं देते, बल्कि मरीजों का मनोबल भी बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने टीबी मुक्त भारत का सामूहिक संकल्प लिया। स्वास्थ्य मंत्री डा पंकज सिंह ने कहा कि टीबी मुक्त भारत केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संचालित राष्ट्रीय जनआंदोलन है।

