मोदीनगर में चार दिन से लापता युवक का शव नाले में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Amit
2 Min Read

मोदीनगर। थाना क्षेत्र के गांव रोरी से चार दिन से लापता 24 वर्षीय युवक का शव गुरुवार को सुचेतापुरी कॉलोनी के पास एक गंदे नाले से बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवक की मौत को लेकर परिजनों ने गंभीर आशंका जताई है।

मृतक की पहचान रिंकू के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान परिवार से ताल्लुक रखता था। परिजनों के अनुसार, 25 जनवरी को रिंकू अपनी मां को इलाज के लिए मोदीनगर के एक निजी चिकित्सक के पास लेकर गया था। अस्पताल पहुंचने के बाद वह किसी जरूरी काम की बात कहकर वहां से चला गया, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।

काफी देर तक इंतजार करने के बाद मां संजू घर लौट आईं। जब देर रात तक रिंकू वापस नहीं आया तो परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार बुधवार को थाने में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

गुरुवार सुबह पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा खोजबीन के दौरान सुचेतापुरी कॉलोनी के पीछे स्थित नाले में एक शव दिखाई दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान रिंकू के रूप में की गई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले के आसपास अक्सर असामाजिक तत्वों और नशा करने वालों की मौजूदगी रहती है, जिससे इलाके में पहले भी घटनाएं सामने आती रही हैं। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Share This Article
Leave a Comment