सिगरेट न देने पर दुकानदार की गोली मारकर की हत्या, आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Amit
2 Min Read

वाराणसी। बिरनाथीपुर गांव में सिगरेट न देने पर दुकानदार शारदा यादव की गोली मारकर हत्या करने का आरोपी बदमाश बुधवार की भोर में पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। बदमाश के दाएं पैर में गोली लगी है। उसकी पहचान उगापुर गांव निवासी संदीप यादव के रूप में हुई। पुलिस को अब इस मामले में संदीप के दोस्त उगापुर गांव के ही अनिल राजभर की तलाश है। एडीसीपी वरुणा जोन / क्राइम सरवणन टी ने बताया कि एसओजी प्रभारी मनीष कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ एक बदमाश का पीछा कर रहे थे। इस सूचना पर एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने चोलापुर थानाध्यक्ष ईश्वर दयाल दूबे और चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा की टीम के साथ बेला रोड के पास घेराबंदी की।

एसओजी और चोलापुर व चौबेपुर थाने की पुलिस से खुद को घिरा देख कर बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश संदीप यादव के दाएं पैर में गोली लगी। जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बदमाश संदीप यादव ने चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिरनाथीपुर गांव में बीते 12 सितंबर की रात अपने साथी अनिल के साथ सिगरेट न देने पर दुकानदार शारदा यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मनबढ़ किस्म के संदीप यादव के खिलाफ चौबेपुर थाने के अलावा दूसरे जनपदों में भी गंभीर आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
Share This Article
Leave a Comment