नये साल के जश्न के बीच दिल्ली से दहलाने वाली खबर, मां की गला रेतकर हत्या के आरोप में बेटी गिरफ्तार

Rohit Kumar
3 Min Read

पश्चिमी दिल्ली। रणहौला थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला वीरमती की गला रेतकर हत्या मामले में पुलिस का पहला शक इनके पति पर था, लेकिन छानबीन के दौरान पता चला कि हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उनकी बेटी ने की है। पुलिस ने महिला की बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपित महिला प्रोमिला दिल्ली सरकार के अशोक नगर स्थित विद्यालय में गेस्ट टीचर के पद पर तैनात है। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मामले में आरोपित की पहचान व गिरफ्तारी के लिए इंस्पेक्टर मनोहर व इंस्पेक्टर रजनीश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपित पहचान में आई। अभी तक की पूछताछ में पता चला है कि आरोपित महिला अपनी मां से इस बात से खफा थी कि उसने उसे बदनाम कर रखा है। यहां तक कि घर में भी नहीं प्रवेश देती है। ऐसे में वह बहादुरगढ़ रहने लगी।

हथियार की बरामदगी की कोशिश

प्रॉपर्टी में हिस्सा लेने की बात पर मां और अन्य भड़क उठते थे। इस बात का उसने बदला लिया। फिलहाल आरोपित अभी पुलिस हिरासत में है। उससे पूछताछ जारी है। अभी पुलिस उस हथियार की बरामदगी की कोशिश में है, जिससे महिला पर वार किया गया। आरोपित ने पुलिस को बताया कि धारदार हथियार किसी नाले के किनारे उसने फेंक दिया है।

पति ईश्वर सेना से हैं सेवानिवृत

बता दें कि शनिवार सुबह वीरमती का शव एक प्लॉट में मिला। इनकी गर्दन, हाथ और पैर में धारदार हथियार से वार किए गए थे। वीरमती अपने एक बेटे- बहू और एक बेटी के साथ रणहौला गांव में रहती थी। वीरमती के पति ईश्वर सेना से सेवानिवृत हैं। दोनों अलग अलग रहते थे।

बेटे ने पिता पर लगाया था आरोप

जांच के दौरान वीरमती के बेटे ने अपने पिता पर हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि उसकी मां का पिता के साथ प्रापर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। उसकी मां को काफी पहले उन्होंने छोड़ दिया था। उनके अलग होने के बाद वीरमती ने पति के पेंशन से पैसे लेने के लिए अदालत से गुहार लगाई थी। इस मामले में वीरमती की जीत हुई थी।

Share This Article
Leave a Comment