दिल्ली- दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 26 अक्तूबर से घरेलू उड़ानों के संचालन में अहम बदलाव होने जा रहा है। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने-अपने घरेलू रूट्स के लिए टर्मिनल बदलने का फैसला किया है।
इस बदलाव के तहत, एअर इंडिया की लगभग 60 घरेलू उड़ानें अब टर्मिनल-2 (T2) से संचालित होंगी, जबकि एअर इंडिया एक्सप्रेस की सभी घरेलू उड़ानें टर्मिनल-1 (T1) से उड़ान भरेंगी।
क्यों हो रहा है ये बदलाव?
टर्मिनल-3 (T3) पर अंतरराष्ट्रीय यात्री सुविधाओं के विस्तार का काम जारी है। इसके चलते T3 की मौजूदा क्षमता को घरेलू उड़ानों के लिए सीमित किया गया है। इसी के मद्देनज़र कुछ घरेलू फ्लाइट्स को अन्य टर्मिनलों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। बता दें कि दिल्ली एयरपोर्ट पर कुल तीन टर्मिनल हैं – T1, T2 और T3 – जिनमें से T2 का नवीनीकरण पूरा हो चुका है और यह अब उड़ानों के लिए तैयार है।
फ्लाइट नंबर में बदलाव:
T2 से उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट्स के नंबर अब चार अंकों के होंगे, जो ‘AI1XXX’ फॉर्मेट में होंगे। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी कनेक्टिंग फ्लाइट्स के लिए सही टर्मिनल की जानकारी पहले से प्राप्त कर लें। ऑनलाइन चेक-इन करने वालों को भी नए टर्मिनल की सूचना समय पर दी जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानें यथावत रहेंगी
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें फिलहाल टर्मिनल-3 (T3) से ही संचालित होती रहेंगी।
