गुरुग्राम मुठभेड़ में राहुल फाजिलपुरिया केस का आरोपी शूटर ढेर, एक आरोपी घायल

Amit
1 Min Read

गुरुग्राम –  सेक्टर-40 थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी शूटर मारा गया, जबकि उसका साथी घायल हो गया। मृतक की पहचान गुरुशेर के रूप में हुई है, जो गायक राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर के घर पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल बताया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीम दोनों आरोपियों को हथियार बरामद करने के लिए बंधवाड़ी इलाके में लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर हमला कर फरार होने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें गुरुशेर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा आरोपी घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार दोनों आरोपियों को गुरुग्राम पुलिस ने 3 मई को पंजाब के तरनतारण से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हथियार बरामदगी की कार्रवाई की जा रही थी।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घायल आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment