नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट: शुरुआती उत्साह के बाद घटे हवाई यात्री, दो महीने में 27% दर्ज की गई गिरावट

News Desk
2 Min Read

जेवर (ग्रेटर नोएडा)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में शुरुआती बढ़ोतरी के बाद लगातार दो महीने गिरावट दर्ज की गई है।

करीब 27 प्रतिशत की गिरावट दर्ज 

एयरपोर्ट अथाॅरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के मासिक यातायात आंकड़ों के अनुसार जुलाई में एयरपोर्ट से 76,593 यात्रियों ने सफर किया था। अगस्त में यह संख्या घटकर 58,520 और सितंबर में 55,890 रह गई। जुलाई की तुलना में सितंबर में 20,703 यात्री कम हुए हैं। दो महीने में यात्रियों की संख्या में करीब 27 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

जून से सितंबर तक कुल 2,11,525 यात्री आए

एयरपोर्ट पर 15 जून 2026 से व्यावसायिक उड़ानों का संचालन शुरू हुआ था। जून के शेष दिनों में 20,522 यात्रियों ने हवाई सफर किया। जुलाई में यात्रियों की संख्या बढ़कर 76,593 पहुंच गई।

इसके बाद अगस्त में 18,073 यात्रियों की कमी आई। सितंबर में भी 2,630 यात्री कम हुए। इस तरह अगस्त और सितंबर में लगातार गिरावट दर्ज की गई। जून से सितंबर तक एयरपोर्ट से कुल 2,11,525 यात्रियों ने हवाई सफर किया।

विमानों की आवाजाही में भी कमी दर्ज

यात्रियों की संख्या के साथ विमानों की आवाजाही में भी कमी आई है। एएआई के आंकड़ों के अनुसार जुलाई में विमानों की कुल 1,049 आवाजाही दर्ज की गई थी।

अगस्त में यह घटकर 1,002 और सितंबर में 893 रह गई। जुलाई से सितंबर के बीच विमानों की आवाजाही में करीब 15 प्रतिशत की कमी आई है।

हालांकि अक्टूबर में एयरपोर्ट से कोलकाता, चंडीगढ़ और उदयपुर समेत नए शहरों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू हुई हैं। इससे यात्रियों को अधिक विकल्प मिलने और हवाई सफर करने वालों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a Comment