पत्नी के सिर में लोहे की रॉड मारकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Amit
2 Min Read

अलीगढ़। खैर-पलवल हाईवे पर स्थित डिफेंस कॉरिडोर में 24 अप्रैल रात करीब 10 बजे एक युवक ने अपनी पत्नी की सिर में लोहे की रॉड मारकर हत्या कर दी और शव छत से फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मरने वाली मायादेवी (30) थाना गोंडा क्षेत्र के गांव रजावल निवासी जयपाल की पत्नी थी।

परिजनों ने बताया दोनों पति-पत्नी गांव अंडला स्थित डिफेंस कॉरिडोर में बन रही निर्माणाधीन कंपनी में मजदूरी करते थे और परिसर में ही रहते थे। पांच दिन पहले ही वह काम पर आए थे। 24 अप्रैल रात पति-पत्नी कंपनी की छत पर सो रहे थे, इसी दौरान किसी बात पर इनके बीच कहासुनी हो गई। जयपाल ने अपनी पत्नी के सिर में लोहे की रॉड मार दी।

ठेकेदार की सूचना पर खैर सीओ पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर बुला ली गई। साथी मजदूरों ने पुलिस को बताया कि दोनों पति-पत्नी शराब का सेवन करते थे और आए दिन इनके बीच किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। घटना से पहले भी इनके बीच किसी बात पर झगड़ा हो रहा था। आरोपी जयपाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मजदूरों का कहना है कि हत्या के बाद जयपाल ने मायादेवी को छत से नीचे फेंक दिया। उसके बाद वह भागता हुआ नीचे आया और पत्नी के छत से गिरने का शोर मचा दिया। शव के पास बैठकर रोने लगा। पूछने पर बताने लगा कि मायादेवी अंधेरे में छत से गिर गई। इस दौरान एक महिला मजदूर की नजर उसके खून से सने कपड़ों पर गई। उसने अन्य लोगों को भी इसकी जानकारी दी, पुलिस ने सख्ती की तो पूरा राज खुल गया।

Share This Article
Leave a Comment