गाजियाबाद में डीएमई के नीचे युवक हत्याकांड का खुलासा, ट्रैक्टर विवाद में छोटे भाई ने ली जान

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। डीएमई के नीचे रविवार को अज्ञात युवक की हत्या मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। युवक की हत्या उसके ही सगे छोटे भाई ने ट्रैक्टर को लेकर हुए विवाद में कर दी थी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपित मुरादाबाद के जंडेल गांव निवासी सुखबीर सिंह है। जबकि मृतक 42 वर्षीय मोनू सिंह थे। मोनू बम्हेटा में किराए पर रहकर पल्लेदारी का काम करते थे।

सुखबीर मुरादाबाद में पल्लेदारी का काम करता है। एसीपी मसूरी सुनील कुमार के मुताबिक दोनों भाइयों ने इसी वर्ष फरवरी में एक-एक लाख रुपए मिलाकर ट्रैक्टर लिया था।

मोनू ट्रैक्टर बेचने के लिए नहीं था तैयार

सुखबीर ट्रैक्टर को बेचना चाहता था। लेकिन मोनू इसके लिए तैयार नहीं थे। ट्रैक्टर को लेकर बात करने के लिए सुखबीर शनिवार रात गाजियाबाद भाई के पास आया था।

दोनों ने रात में शराब पी इसके बाद सुखबीर योजना के तहत डीएमई के नीचे भाई को लेकर आ गया। इसी दौरान दोनों भाइयों में जब बहस शुरू हुई तो सुखबीर ने गुस्से में अपने भाई के पत्थर मारकर जान ले ली।

उसके बाद आरोपित बस में बैठकर फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए आरोपित का पता लगाकर गिरफ्तार किया है। रविवार को मोनू का शव बरामद हुआ था। लेकिन पहचान नहीं हो पाई थी।

Share This Article
Leave a Comment