इंदिरापुरम में भीषण अग्निकांड: काला पत्थर रोड पर गोदाम और दुकानों में लगी आग, कई फ्लैट्स कराए गए खाली

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के न्याय खंड एक में काला पत्थर रोड पर स्थित गोदाम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी, जिसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. जिले के विभिन्न फायर स्टेशन से फायर टेंडर बुलाए गए. फिलहाल 8 से अधिक फायर टेंडर पहुंचे हैं. आग ने आसपास की दुकानों को भी चपेट में लिया. गोदाम के आसपास फर्नीचर की दुकानें होने के कारण आग तेजी से फैल गई. साथ ही कुछ फ्लैट्स तक आग पहुंचने से इलाके में अपना तफरी का माहौल बन गया.

डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल के मुताबिक, सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची. आग पर काबू पाने के लिए नोएडा, हापुड़ और मेरठ से भी फायर टेंडर बुलाए गए. 10 से अधिक दमकल वाहन मौके पर पहुंचे. इसके अलावा एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद रही. मौके पर चार से पांच थानों की पुलिस फोर्स के साथ ACP भी पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की. पुलिस ने एहतियात के तौर पर कई फ्लैटों में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला.

डीसीपी ने बताया, फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. राहत की बात यह है कि घटना में अभी तक कोई जनहानि या व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है. आग किस वजह से लगी. इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. दमकल विभाग और संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा.

Share This Article
Leave a Comment