राजस्थान में पुलिस की कस्टडी में रहेंगे नॉएडा बाइक बोट फर्जीवाडे़ के तीन ठग

Rohit Kumar
2 Min Read

बाइक बोट कंपनी के निदेशक संजय भाटी को अदालत ने जयपुर पुलिस की रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस निवेशकों से धोखाधड़ी के मामले में उससे पूछताछ करेगी। साथ ही, सबूत और जानकारी जुटाने की कोशिश करेगी। इस मामले में अगली पेशी अब तीन दिसंबर को होगी।

गौतमबुद्ध नगर जेल से ले जाकर राजस्थान की जयपुर पुलिस ने शुक्रवार को संजय भाटी को सागनेर कोर्ट में पेश किया। जहां पर पुलिस ने उसका रिमांड मांगा था। सुनवाई के दौरान अदालत ने दलीलों पर गौर करते हुए संजय की सात दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली। पेशी के बाद बाइक बोट के पीड़ितों ने संजय भाटी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उसके खिलाफ प्रदर्शन भी किया।

इस प्रदर्शन में शामिल नमो नारायण मीणा ने बताया कि बाइक बोट कंपनी द्वारा जयपुर में भी हजारों लोगों को ठगा गया है। उन्होंने बाइक बोट में तीन लाख से अधिक रुपये लगाए थे और उन्हें एक भी किस्त वापस नहीं मिली। वह इस मामले में लगातार पैरवी कर रहे हैं। शुक्रवार को न्यायालय ने संजय भाटी का सात दिन का रिमांड पुलिस को दिया है और इस मामले में अगली पेशी अब तीन दिसंबर को होगी।

बाइक बोट मामले में गौतमबुद्ध नगर के दादरी थाने में पहला मुकदमा भी राजस्थान के सुनील मीणा ने दर्ज कराया था। इसके बाद ही पूरे देश में इस घोटाले को लेकर मुकदमे दर्ज होने का सिलसिला शुरू हुआ था। जिले के तत्कालीन एसएसपी वैभव कृष्ण ने 12 जनवरी 2019 को सुनील मीणा की शिकायत पर इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। सुनील मुकदमा दर्ज कराने के लिए लंबे समय से चक्कर लगा रहा था लेकिन पूर्व के अधिकारियों ने उसका मुकदमा दर्ज नहीं किया था।

Share This Article
Leave a Comment