गाजियाबाद। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स राजनगर एक्सटेंशन से एक ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। ब्रेजा कार से पकड़े गए आरोपित इटावा निवासी नितिन यादव की निशानदेही पर पुलिस ने इंदिरापुरम के एक फ्लैट से एमडीएमए, चरस और 10.21 किलो गांजा के अलावा पांच लाख रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड, 10 बैंकों के डेबिट कार्ड और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रानिक उपकरण बरामद किए गए। मामले में नंदग्राम थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि आरोपित ब्रेजा कार से मादक पदार्थों की खेप लेकर आने वाला है। राजनगर एक्सटेंशन में आसना चौक पर घेराबंदी कर उसे दबोचा गया। पूछताछ में उसने इंदिरापुरम स्थित किराए के फ्लैट में मादक पदार्थ रखे होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने फ्लैट पर दबिश देकर बरामदगी की।
बरामद ड्रग्स में उड़ीसा किस्म का 6.77 किलो गांजा, मैंगो किस्म का 2.4 किलो गांजा, ओजी किस्म का 66 ग्राम गांजा, गांजा का 922 ग्राम चूरा, 132 ग्राम चरस और 20 ग्राम एमडीएमए (क्रिस्टल) शामिल है। इसके अलावा पांच लाख रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, विभिन्न बैंकों के 10 डेबिट कार्ड, 200 ग्राम, 600 ग्राम, 10 किलो और 30 किलो क्षमता के चार इलेक्ट्रानिक कांटे, प्लास्टिक फिल्म सीलर मशीन, स्टेपलर, कैंची और पैकिंग सामग्री भी बरामद हुई।
किराये पर ले रखे थे दो फ्लैट
पकड़े गए आरोपित इटावा के नगला मनी निवासी नितिन यादव ने पूछताछ में बताया कि वह राजनगर एक्सटेंशन की पाम रिसोर्ट सोसायटी में किराए पर फ्लैट लेकर रहता है। इसके अलावा उसने इंदिरापुरम शक्ति खंड में भी फ्लैट किराए पर लिया हुआ है जिसका प्रयोग वह ड्रग्स के काम में करता है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि युवक बीते कई वर्षों से ड्रग्स तस्करी करता है। उसके खिलाफ नंदग्राम और इंदिरापुरम थाने में पांच मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित को किराए के फ्लैट मुहैया कराने वाले मकान मालिकों ने पुलिस वेरीफिकेशन नहीं कराया था।

