दिल्ली: चलती कार में युवती से यौन उत्पीड़न का आरोप, ‘सिर्फ 2 मिनट लगेंगे…’ कहते हुए आरोपी का वीडियो वायरल

News Desk
3 Min Read

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में 24 वर्षीय युवती ने एक युवक पर चलती कार के अंदर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि युवक उसे बहाने से अपने साथ ले गया, फिर कार को सुनसान इलाके में ले जाकर अश्लील हरकतें कीं।

आपत्तिजनक बातें कहीं और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। इस दौरान युवती ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत के आधार पर मंडावली थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

मोमो खिलाने के बहाने बुलाया, फिर…

शिकायत में युवती ने बताया कि आरोपी उसकी जान-पहचान का था। उसने मोमो खाने के बहाने उसे अपने साथ चलने के लिए कहा। रास्ते में उसने पहले सीएनजी भरवाने की बात कही, लेकिन इसके बाद कार को एक सुनसान स्थान की ओर मोड़ दिया।

‘जबरन छूआ और रोककर रखा’

युवती का आरोप है कि सुनसान जगह पहुंचने के बाद आरोपी ने उस पर अश्लील टिप्पणियां कीं, यौन संबंध बनाने की मांग की और उसकी इच्छा के विरुद्ध उसे छूने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसने युवती को कार से उतरने भी नहीं दिया और उसकी प्रतिष्ठा खराब करने की धमकी भी दी।

घटना का वीडियो किया रिकॉर्ड

घटना के दौरान युवती ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में वह आरोपी से बार-बार उसे जाने देने की गुहार लगाती हुई सुनाई देती है। वह यह भी कहती है कि यदि आरोपी ने उसे छूने की कोशिश की तो वह चलती गाड़ी से कूद जाएगी।

वीडियो में युवती लगातार यह कहते हुए सुनाई देती है कि वह आरोपी को अपने शरीर को छूने नहीं देगी। वहीं, आरोपी कथित तौर पर बार-बार यह कहते हुए सुनाई देता है कि ‘सिर्फ दो मिनट लगेंगे’ और युवती पर दबाव बनाता रहता है।

मंडावली थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो सहित सभी उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment