चादर ओढ़ने को लेकर मजदूर पर पेपर कटर से हमला, हालत गंभीर

Amit
2 Min Read

मोदीनगर। गाजियाबाद के निवाड़ी क्षेत्र स्थित गांव अबूपुर में मामूली बात को लेकर हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। सोते समय चादर ओढ़ने को लेकर दो मजदूरों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक ने दूसरे पर पेपर कटर से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में घायल युवक की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया है।

घायल की पहचान जुबैर के रूप में हुई है, जो दिल्ली के बदरपुर खादर स्थित राजीव कॉलोनी का निवासी है और लंबे समय से अबूपुर की एक फर्नीचर कंपनी में कारीगर के रूप में कार्यरत था।

रात के वक्त सोते समय शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, घटना 1 सितंबर की रात की है जब जुबैर कंपनी परिसर में अन्य मजदूरों के साथ सो रहा था। उसी दौरान उसका साथी चांद से चादर ओढ़ने को लेकर विवाद हो गया। बहस इतनी बढ़ गई कि चांद ने पहले जुबैर की पिटाई की, फिर गुस्से में आकर पेपर कटर से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

दिल्ली के अस्पताल में भर्ती, आरोपी फरार

घायल जुबैर को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment