कर्नाटक सीएम बसवराज बोम्मई ने शिगगांव सीट से किया नामांकन, जानें कितनी संपत्ति का किया खुलासा

Rohit Kumar
2 Min Read

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शिग्गांव विधानसभा सीट से शनिवार (15 अप्रैल) को अपना नामांकन दाखिल किया. इस दौरान उन्होंने विश्वास जताया कि वह सबसे ज्यादा वोट पाकर फिर से जीतेंगे. कर्नाटक विधानसभा चुनाव (Karnataka Assembly Elections) के लिए 10 मई को मतदान होना है और 13 मई को नतीजे आएंगे.

बोम्मई के नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान लोक निर्माण मंत्री सीसी पाटिल, हावेरी-गदग से सांसद शिवकुमार उदासी और मुख्यमंत्री के पुत्र भरत बोम्मई सहित अन्य लोग उनके साथ थे. मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने चुनावी हलफनामे में 49.70 करोड़ रुपये की संपत्ति की जानकारी दी है. हलफनामे में दिए गए निवेश विवरण से पता चलता है कि मुख्यमंत्री के पास 5.98 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि हिंदू अविभाजित परिवार से प्राप्त संपत्ति के रूप में उन्हें 1.57 करोड़ रुपये मिले.

​​​​​​​मुख्यमंत्री पर 5.79 करोड़ रुपये की देनदारी 

उनकी पत्नी चन्नम्मा ने 1.14 करोड़ रुपये और बेटी अदिति ने 1.12 करोड़ रुपये का निवेश किया है. उनके बेटे भरत बोम्मई अपने पिता पर आश्रित नहीं हैं, इसलिए उनके निवेश विवरण का उल्लेख नहीं किया गया है. हालांकि बसवराज बोम्मई ने अपने बेटे भरत को 14.74 लाख रुपये दिए हैं. मुख्यमंत्री के पास 42.15 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है, जिसमें हिंदू अविभाजित परिवार के 19.2 करोड़ रुपये शामिल हैं. बोम्मई पर 5.79 करोड़ रुपये की देनदारी भी है.

बोम्मई और उनके आश्रितों के पास कुल कितनी संपत्ति?

हलफनामे के अनुसार, सीएम बोम्मई ने 26 मार्च 2022 को मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए धारवाड़ के हुबली तालुक के तरिहाला गांव में लगभग तीन एकड़ जमीन खरीदी है. बोम्मई और उनके आश्रितों के पास कुल मिलाकर 52.12 करोड़ रुपये की संपत्ति है. कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता परिवार के नेता दिवंगत एसआर बोम्मई के बेटे बसवराज बोम्मई 2008 से तीन बार शिग्गांव से विधायक चुने जा चुके हैं. पर्चा भरने से पहले मुख्यमंत्री शिग्गांव के देवी मंदिर में गए थे.

Share This Article
Leave a Comment