प्रतापबंध पार्क से शुरू हुई जांच, अलवर पुलिस ने चोर गैंग को दबोचा

Amit
2 Min Read

मुखबिर की सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई, चोरी की बुलेट से खुला पूरे गिरोह का राज

अलवर। शहर में लगातार हो रही चोरियों के पीछे काम कर रहे गिरोह को कोतवाली पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस ने इस गिरोह के पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनके पास से दो चोरी की मोटरसाइकिलें, तेरह मोबाइल और लगभग दो लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

एएसआई हितेंद्र कुमार को सूचना मिली थी कि प्रतापबंध क्षेत्र के एक पार्क में दो युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं और उनके पास एक बिना नंबर की काली बुलेट बाइक है। इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को मौके से पकड़ लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में युवकों ने बताया कि बाइक चोरी की थी, जिसके आधार पर पुलिस ने अन्य साथियों की तलाश शुरू की। इस दौरान गिरोह के चार और सदस्य — हर्ष उर्फ रानू पंडित, माधव उर्फ मिंटू उर्फ चांदी, अरमान, नकूल उर्फ गब्बू और शंकर प्रजापत — को भी दबोच लिया गया।

पूछताछ से यह भी सामने आया कि यह गिरोह न सिर्फ अलवर में, बल्कि बहरोड़ और गुरुग्राम जैसे शहरों में भी चोरी, लूट और नकबजनी की घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस अब इनसे और भी जानकारी जुटाने में लगी है और इनके अन्य नेटवर्क की तलाश कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment