वैशाली में भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम को गैस कटर से काट कर उड़ाए लाखो

Amit
2 Min Read

बिहार। राज्य के वैशाली जिले में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के बागमल्ली गांव में मंगलवार-बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम को गैस कटर से काट डाला और मशीन में रखे 13 लाख 70 हजार रुपये ले भागे। घटना देर रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है।

मशीन में मंगलवार को ही डाले थे 4 लाख

बुधवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने एटीएम टूटा हुआ देखा, तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। बैंक अधिकारियों के अनुसार, एटीएम में मंगलवार को करीब 4 लाख रुपये डाले गए थे, जबकि पहले से भी मशीन में कैश था।

पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो का 5 किलोमीटर तक किया पीछा

घटना के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन चोरों ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी और फरार हो गए। पुलिस ने उनका करीब पांच किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन वे बच निकलने में कामयाब रहे।

सीसीटीवी की फुटेज जा रही खंगाली

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

वैशाली एसपी के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया है। यह टीम हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने वैशाली से लेकर सारण (छपरा) तक कई जगह छापेमारी शुरू कर दी है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है और बैंक अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment