हार्दिक पांड्या ने अर्धशतक जड़कर भी ली हार की जिम्मेदारी, बताया क्यों हैं मोहम्मद शमी इतने खास गेंदबाज

Rohit Kumar
4 Min Read

मौजूदा चैंपियन और अब तक सबसे ज्यादा मैचों में चेज करते हुए जीत दर्ज करने वाली गुजरात टाइटंस को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पांच रन से हार का सामना करना पड़ा. दिल्ली से मिले 131 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात को अंतिम ओवर में मैच जीतने के लिए 12 रन की दरकार थी, लेकिन अनुभवी ईशांत शर्मा के ओवर में टीम केवल 6 रन ही बना पाई और उसे हार का मुंह देखना पड़ा.

हार के बाद गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा कि विकेट में कोई समस्या नहीं थी और उन्हें अपनी टीम को जीत दिलानी चाहिए थी. दिल्ली के 131 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टाइटंस की टीम तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे पंड्या (53 गेंद में नाबाद 59, सात चौके) के नाबाद अर्धशतक और अभिनव मनोहर (26) के साथ उनकी पांचवें विकेट की 62 रन की साझेदारी के बावजूद छह विकेट पर 125 रन ही बना सकी. राहुल तेवतिया ने सात गेंद में तीन छक्कों से 20 रन बनाए लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए.

पांड्या ने मैच के बाद कहा, ” जाहिर है कि हम किसी भी दिन 129 (130) रन के स्कोर को स्वीकार करते. अंत में राहुल ने हमें वापसी दिलाई. मैंने पूरी कोशिश की लेकिन फायदा नहीं उठा पाया. यह मुझ पर निर्भर करता था. हम उम्मीद कर रहे थे कि बीच में कुछ बड़े ओवर आएं लेकिन उस समय हम लय नहीं पा सके. यह अभिनव के लिए भी नया था.”

उन्होंने कहा, यह इस बात पर निर्भर करता है कि मैं खेल को कैसे खत्म नहीं कर पाया. उनके गेंदबाजों को भी पूरा श्रेय जाता है. यह मेरी जिम्मेदारी है कि मैं मुकाबले को खत्म नहीं कर सका। मुझे करना चाहिए था.

विकेट के संदर्भ में उन्होंने कहा, विकेट काफी अच्छा था. मुझे लगता है कि यह विकेटों के दबाव से जुड़ा था. मुझे नहीं लगता कि विकेट ने ज्यादा भूमिका निभाई. यह थोड़ा धीमा था, हम यहां के अभ्यस्त नहीं हैं लेकिन उन्होंने वास्तव में अच्छी गेंदबाजी की। हमने कुछ शुरुआती विकेट खो दिए, जहां हमें कुछ समय लेना चाहिए था. हम बीच में लय हासिल नहीं कर सके. राहुल ने हमें वापसी दिलाई, नहीं तो वह मैच में काफी आगे थे.

पंड्या ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह सिर्फ इतना है कि हम हार गए क्योंकि मैं लय हासिल नहीं कर पाया और हम शुरुआत में विकेट गंवाते रहे और इससे हम दबाव में आ गए.”

इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने मोहम्मद शमी (11 रन पर चार विकेट) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के बाद अमन हकीम खान (44 गेंद में 51 रन, तीन छक्के, तीन चौके) के पहले अर्धशतक से बेहद खराब शुरुआत से उबरते हुए आठ विकेट पर 130 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया.

पांड्या ने कहा कि उन्हें शमी के लिए दुख है. उन्होंने कहा, ” उसके (शमी के लिए) लिए मुझे दुख है. अगर आप इस तरह की गेंदबाजी करते हैं और टीम को 129 पर रोक देते हैं तो मुझे लगता है कि बल्लेबाजों ने निराश किया.”

Share This Article
Leave a Comment