ग्रेटर नोएडा। सीनियर महिला और पुरुष वर्ग के जिला स्तरीय और मंडल स्तरीय ट्रायल की मेजबानी गौतमबुद्ध नगर करेगा। जिला स्तरीय ट्रायल छह जुलाई को और मंडल स्तरीय ट्रायल सात जुलाई को होंगे। दोनों ट्रायल ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ओलंपिया स्विमिंग अकादमी में कराए जाएंगे। साथ ही जूनियर प्रतियोगिता के भी ट्रायल कराए जाएंगे। खेल विभाग के अधिकारियों ने ट्रायल को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी है।
बता दें कि वाराणसी के क्षेत्रीय कार्यालय स्थित स्टेडियम में 10 से 12 जुलाई तक पुरुष व महिला सीनियर वर्ग में प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि जिला स्तरीय ट्रायल छह जुलाई को ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ओलंपिया स्विमिंग अकादमी में कराए जाएंगे।
यहां पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तरीय ट्रायल किया जाएगा। मंडल स्तरीय ट्रायल भी यहीं कराया जाना है। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी वाराणसी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मेरठ मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। जूनियर ग्रुप को दो वर्गों में बांटा गया हैं।
इस प्रतियोगिता में वर्ष 2012 (यानी 14 वर्ष) और उससे अधिक आयु के जन्मे तैराकी भाग ले सकते है। मंडलीय ट्रायल में पुरुष व महिला वर्ग में 20-20 खिलाड़ी भाग लेंगे। रिजर्व खिलाड़ी भाग नहीं लेंगे। प्रत्येक खिलाड़ी अधिकतम पांच इवेंट में भाग ले सकते हैं। जिला व मंडल स्तरीय ट्रायल मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम के प्रशिक्षक शीलांकुर केन की निगरानी में होंगे।
इन स्पर्धा में होंगे जिला स्तरीय ट्रायल
- फ्री स्टाइल – 50, 100, 200, 400, 800 व 1500 मीटर
- बैंक स्ट्रोक – 50, 100, 200 मीटर
- ब्रेस्ट स्ट्रोक – 50, 100, 200 मीटर
- वटर फ्लाई – 50, 100, 200 मीटर
- व्यक्तिगत मिडले – 200, 400 मीटर
- फ्री स्टाइल- 4×100, 4×400 मीटर
- मिडले रिले 4×100 मीटर
- मिश्रित रिले फ्री स्टाइल – 4×100 मीटर (पुरुष व महिला)
- मिश्रित रिले मिडले – 4×100 मीटर (पुरुष व महिला)

