
ग्रेटर नोएडाः सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यमुना सिटी में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के तहत तीन इंडस्ट्रियल यूनिटों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यूपी देश का मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब बन चुका है। अब इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट की यूनिटें शुरू होने से देश इंपोर्ट के बजाय इनका एक्सपोर्ट कर सकेगा। उन्होंने निवेशकों को आमंत्रित करते हुए बताया कि यूपी के पास 75,000 एकड़ का लैंड बैंक और 36 सेक्टरों के लिए समर्पित नीतियां हैं।
सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना
योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार में जेवर में जंगल राज था, लेकिन अब मंगल राज है। यहां का नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट विकास का सबसे बड़ा प्रतीक बन चुका है। अब देश-विदेश के उद्यमी भी यहां फैक्ट्री खोलना चाहते हैं। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्वनी वैष्णव ने कहा कि सीएम योगी के प्रयास से आज इलेक्ट्रानिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर जेवर में आ गया है।
दस हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार
सीएम ने एसेट-के सर्किट, अंबर इंटरप्राइजेज और सेल की यूनिटों का शिलान्यास किया। तीनों यूनिटो में 15,023 करोड़ का निवेश होगा और करीब 10,000 युवाओं को रोजगार मिलेगा।
नोएडा अथॉरिटी के नए दफ्तर का किया गया उद्घाटन
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, सांसद डॉ. महेश शर्मा भी मौजूद रहे। वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में 390 करोड़ से बने नोएडा अथॉरिटी के नए दफ्तर का उद्घाटन भी किया। इसके साथ ही 2,478 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास भी किया गया।
