
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में तैनात इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी अनु सैन को प्रमोशन का लाभ मिला है। उन्हें अहमदाबाद में आयोजित कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक की जीत का तोहफा दिया गया है। गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ ने अनु सैन के कंधे पर थ्री स्टार लगाकर उन्हें इंस्पेक्टर पद पर प्रमोट किया। अनु सैन मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले की रहने वाली हैं। उनकी उपलब्धि पर उनके घर पर ख्रुशी का माहौल है।
कौन हैं अनु सैन?
अनु सैन मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के काकड़ा गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने कबड्डी के क्षेत्र में अपना करियर बनाया। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के बाद अनु ने सीनियर महिला कबड्डी टीम में अपनी जगह बनाई। वे वर्ष 2025 में महिला कबड्डी विश्वकप जीतने वाली टीम का हिस्सा बनी थीं। कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाली टीम की वे सदस्य रहीं।
अनु सैन ने अपने कबड्डी करियर में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में चार स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीता है। इसके बाद वह 2025 में बांग्लादेश में आयोजित महिला विश्वकप प्रतियोगिता में भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। वे विश्वकप में स्वर्ण पदक के साथ लौटीं।
कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में प्रदर्शन का इनाम
अनु सैन ने 23 से अक्टूबर तक हुए कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन किया। निधि शर्मा की कप्तानी वाली टीम ने स्वर्ण पदक जीता। भारतीय महिला टीम ने फाइनल में युगांडा को 35-15 से मात दी थी। इस मैच में साक्षी ने नौ और अनु सैन ने 6 रेड अंक हासिल किए थे। पहले विश्वकप और फिर कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत का इनाम उन्हें इंस्पेक्टर पद पर प्रमोशन के रूप में मिला।
क्या है योगी सरकार का नियम?
योगी आदित्यनाथ सरकार ने खिलाड़ियों की नियुक्ति और प्रमोशन को लेकर नियम स्पष्ट कर दिए हैं। सरकार ने इंटरनेशनल पदक विजेता खिलाड़ियों को उपलब्धि के आधार पर सीधे गजेटेड अफसर के तौर पर नियुक्त करना शुरू किया है। सरकार की ओर से इंटरनेशनल पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली 2022 और यूपी पुलिस कुशल खिलाड़ी भर्ती एवं आउट ऑफ टर्म प्रमोशन नियमावली 2021 के तहत विभागों में नौकरी-प्रमोशन का प्रावधान किया गया है।
यूपी पुलिस में नियुक्त खिलाड़ियों को पदक जीतने की स्थिति में आउट ऑफ टर्म प्रमोशन का प्रावधान किया गया है। इसी नियम का लाभ अनु सैन को मिला है। अब वे यूपी पुलिस में इंस्पेक्टर हो गई हैं। गाजियाबाद कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ ने उन्हें प्रमोशन स्टार लगाने के बाद बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अनु ने इस प्रमोशन पर खुशी जाहिर की है।
