युवती ने सहकर्मी पर शादी का झांसा देकर एक वर्ष तक गैंगरेप करने का लगाया आरोप 

Amit
2 Min Read

मेरठ। हरियाणा की रहने वाली एक युवती ने कंकरखेड़ा निवासी अपने एक सहकर्मी पर शादी का झांसा देकर एक वर्ष तक गैंगरेप करने का आरोप लगाया है। पीडि़ता का आरोप है कि उसकी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपियों ने दो बार उसका अबॉर्शन भी कराया। कप्तान ऑफिस में शिकायत करते हुए पीडि़ता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

हरियाणा के फरीदाबाद जिले की रहने वाली युवती एसएसपी ऑफिस पहुंची। युवती ने बताया कि अपने पति से तलाक के बाद वह फरीदाबाद की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी कर रही थी। जहां मेरठ के डाबका गांव का रहने वाला एक युवक भी नौकरी करता था।

पीडि़ता का आरोप है कि उक्त युवक ने शादी का झांसा देकर युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। इसके बाद उसे मेरठ में अपने घर पर ले आया। जहां आरोपी और उसके तीन अन्य दोस्तों ने युवती के साथ गैंगरेप करते हुए उसकी अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी एक साल तक युवती के साथ दुष्कर्म करते रहे।

इस बीच वह दो बार गर्भवती हुई तो उसकी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपियों ने युवती का अबॉर्शन करा दिया। पीडि़ता ने आरोपियों के खिलाफ प्रार्थना पत्र देते हुए कार्यवाही की मांग की। जिस पर कप्तान ने जांच के आदेश दिए हैं।

Share This Article
Leave a Comment