गाजियाबाद। दिल्ली-गाजियाबाद के व्यस्त मार्गों में शामिल भोपुरा चौराहे पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने फुटओवर ब्रिज निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वहीं, प्राधिकरण ने करीब 10.83 करोड़ रुपये की लागत से फुटओवर ब्रिज निर्माण का टेंडर जारी किया है।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद हजारों लोगों को व्यस्त सड़क पार करने में सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
180 दिनों में काम पूरा करने का लक्ष्य
प्राधिकरण के अनुसार, फुटओवर ब्रिज का निर्माण भोपुरा इंटरसेक्शन पर गाजियाबाद-दिल्ली-वजीराबाद रोड पर किया जाएगा। परियोजना को 180 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। टेंडर प्रक्रिया छह अगस्त से शुरू होगी, जबकि दो सितंबर तक निविदाएं जमा की जा सकेंगी।
कई बार हो चुकी घटनाएं
बताया गया कि पांच सितंबर को तकनीकी एवं वित्तीय बोलियां खोली जाएंगी। वर्तमान में भोपुरा चौराहे पर प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। सड़क पार करने के दौरान स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय लोगों को सबसे अधिक परेशानी होती है। कई बार दुर्घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। फुटओवर ब्रिज बनने से यातायात संचालन व्यवस्थित और सुरक्षित होगा।
उक्त जानकारी देते हुए जीडीए के मुख्य अभियंता आलाेक रंजन ने बताया कि चयनित एजेंसी को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य करना होगा।
परियोजना पूरी होने से दिल्ली और ट्रांस हिंडन क्षेत्र के बीच आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही सड़क पर पैदल यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित होने से यातायात भी सुचारु रहेगा।

