नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात कस्टम विभाग ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के एक बड़े प्रयास को नाकाम करते हुए बैंकॉक से आए एक भारतीय नागरिक को हिरासत में लिया है। आरोपी के पास से करीब 10 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया गया है।
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, 26 जनवरी को टर्मिनल-3 पर पहुंचे यात्री की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उसे जांच के लिए रोका गया। स्पॉट प्रोफाइलिंग के तहत यात्री को ग्रीन चैनल से आगे विस्तृत जांच के लिए भेजा गया, जहां उसके सामान की एक्स-रे स्कैनिंग और मैन्युअल तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान एक हैंडबैग से नौ पॉलीबैग मिले, जिनमें कई परतों में वैक्यूम पैक किए गए पैकेट छिपाकर रखे गए थे। जांच में इन पैकेटों के भीतर मौजूद पदार्थ को प्रारंभिक परीक्षण में मारिजुआना (गांजा) पाया गया। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 9.84 किलोग्राम बताया गया है।
कस्टम विभाग ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 9.83 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और मादक पदार्थ के साथ उसे छिपाने में इस्तेमाल की गई सामग्री को एनडीपीएस अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह इस तस्करी नेटवर्क में किसके संपर्क में था और ड्रग्स की डिलीवरी कहां की जानी थी।

