पति की दूसरी शादी का विरोध करने पर मारपीट कर बच्चों सहित निकाला घर से बाहर 

Amit
2 Min Read

रुड़की। आठ साल महिला जिस पति के साथ रही वह पहले से ही शादीशुदा होगा, इसका जरा इल्म भी पत्नी को नहीं था। पति की सच्चाई पता चली तो महिला ने इसका विरोध किया। इसपर पति ने मारपीट कर बच्चों सहित उसे घर से निकालकर ताला जड़ दिया। पीड़ित महिला ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव भंगेड़ी निवासी एक महिला ने पुलिस से शिकायत कर बताया कि करीब आठ साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। उसका पति मेहनत-मजदूरी करता है। वह पति और बच्चों के साथ पिछले आठ साल से खुशी से अपना जीवनयापन कर रही थी। कुछ दिन पहले उसे एक रिश्तेदार ने बताया कि उसके पति को उसने पास के ही एक गांव निवासी महिला के घर अक्सर आता-जाता देखा है।

इस पर पत्नी को पति पर शक हुआ कि उसके महिला से संबंध हैं। इस पर उसने पति पर नजर रखनी शुरू कर दी। महिला ने बताया कि दो दिन पूर्व उसने पति को महिला के घर पर पकड़ लिया और उसके बारे में जानकारी ली। इस बीच पता चला कि उससे शादी करने से पहले ही पति शादीशुदा था। जिस महिला के घर पति मिलने आता था वह उसकी पहली पत्नी है और उससे भी दो बच्चे हैं।
महिला ने आरोप लगाया कि उसने विरोध किया तो पति ने मारपीट कर दी और घर पर ताला लगाकर उसे बच्चों सहित बाहर निकाल दिया। महिला ने पुलिस से घर का ताला खुलवाने की गुहार लगाई है। एसएसआई अभिनव शर्मा ने बताया कि महिला के पति को बुलाकर घर का ताला खोलने के लिए बोला गया है। साथ ही मारपीट करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
Share This Article
Leave a Comment