फिरौती न देने पर गोलीबारी: गैंगस्टर लांडा गिरोह के हथियार सप्लायर सहित 7 गिरफ्तार

Amit
2 Min Read

पंजाबी एक्ट्रेस तानिया कंबोज के पिता पर फायरिंग मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तरनतारन से लखबीर लंडा का करीबी साथी भी पकड़ा गया

मोगा। मोगा में पंजाबी फिल्म अभिनेत्री तानिया कंबोज के पिता डॉ. अनिलजीत कंबोज पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस को लगातार अहम कामयाबी मिल रही है। विदेश में छिपे गैंगस्टर लखबीर सिंह लंडा के इशारे पर 4 जुलाई को डॉ. कंबोज के क्लिनिक पर फायरिंग की गई थी, क्योंकि उन्होंने फिरौती की मांग पूरी नहीं की थी।

अब तक इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पूछताछ के दौरान इन आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उस व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है जो हमलावरों को हथियार उपलब्ध करवाता था।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान हरमीत सिंह उर्फ मीतू के रूप में हुई है, जो जिला तरनतारन के पट्टी क्षेत्र का रहने वाला है। उसके पास से एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ है। जांच में पता चला है कि हरमीत सिंह मीतू गैंगस्टर लखबीर लंडा का विश्वासपात्र सहयोगी है और वह गिरोह के लिए हथियारों की आपूर्ति का काम करता था।

फिलहाल, फायरिंग में शामिल चारों आरोपी छह दिन की पुलिस रिमांड पर हैं और हरमीत को भी अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी।

मार्च 2025 के रंगदारी मामले में भी तीन गुर्गे पकड़े गए

इस कार्रवाई के साथ-साथ मोगा पुलिस ने मार्च 2025 में दर्ज रंगदारी मांगने के एक पुराने केस में भी तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें गैंगस्टर लखबीर सिंह लंडा का मामा बलविंदर सिंह भी शामिल है, जो पूरे गिरोह में पैसों का लेखा-जोखा संभालता था।

अन्य दो आरोपी गगनप्रीत सिंह निवासी दातेवाल (मोगा) और लभप्रीत सिंह निवासी खोसा पांडे (मोगा) हैं। ये दोनों गिरोह के लिए जबरन वसूली की रकम इकट्ठा करने का काम करते थे।

पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश अभी जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारी संभव है।

Share This Article
Leave a Comment