ग्रेटर नोएडा में हादसे की आशंका, गंगनहर किनारे मिले 8 साल की बच्ची के कपड़े

News Desk
2 Min Read

 दनकौर। ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित खेरली गंग नहर एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। सोमवार को आठ वर्षीय बच्ची के नहर में डूबने की आशंका है।

मंगलवार सुबह नहर किनारे उसके कपड़े मिलने के बाद स्वजन और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। सूचना मिलते ही मंगलवार की सुबह पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और बच्ची की तलाश शुरू कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के कई परिवार खेरली गंग नहर के पास झुग्गियां बनाकर रहते हैं और मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते हैं।

बताया गया कि सोमवार से आठ वर्षीय बच्ची लापता थी। शुरुआत में स्वजन उसे आसपास और अन्य संभावित स्थानों पर तलाशते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

नहर किनारे मिले बच्ची के कपड़े

मंगलवार सुबह नहर किनारे बच्ची के कपड़े पड़े मिले। इसके बाद आशंका जताई गई कि वह नहाने के लिए नहर में उतरी होगी और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गई। सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर, दनकौर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नहर में बच्ची की तलाश शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक बच्ची का कोई पता नहीं चल सका था।

पुलिस स्वजन से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खेरली गंग नहर में पहले भी कई लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं। इसके बावजूद नहर किनारे पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं।

लोगों ने प्रशासन से नहर के संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Share This Article
Leave a Comment