बाहरी दिल्ली। प्रशांत विहार में एक कारोबारी के घर फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर छापेमारी करने की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। मामले में कारोबारी का पूर्व कर्मचारी कुलदीप मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने उसके साथ दो महिलाएं आसिफा और दीप्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रहीं
पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि पूर्व कर्मी कुलदीप को कारोबारी के घर में मोटी रकम होने का भरोसा था। इसी लालच में उसने साथियों के साथ मिलकर फर्जी सीबीआई छापेमारी की योजना बनाई। आरोपितों का मकसद छापेमारी का डर दिखाकर कारोबारी से मोटी रकम वसूलना था। साजिश में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
फर्जी सीबीआई टीम तैयार करने की साजिश रची
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मुख्य आरोपित कुलदीप शिकायतकर्ता कारोबारी के यहां पहले कर्मचारी था। इस वजह से उसे कारोबारी के कारोबार, आर्थिक गतिविधियों और उनके घर से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां थीं। उसे अंदेशा था कि कारोबारी के घर में बड़ी रकम मौजूद रहती है। इसी जानकारी के आधार पर उसने फर्जी सीबीआई टीम तैयार करने की साजिश रची।
परिवार में हड़कंप मच गया
इसके लिए उसने कई लोगों को अपने साथ जोड़ा और 11 अगस्त को कारोबारी के प्रशांत विहार स्थित घर पहुंचे थे। योजना के तहत छह पुरुष और दो महिलाएं कारोबारी के घर पहुंचकर सभी ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए छापेमारी की बात कही। अचानक आठ लोगों के घर पहुंचने से परिवार में हड़कंप मच गया।
वाट्सऐप पर छापेमारी का संदेश भी भेजा
हालांकि, कारोबारी की पत्नी ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपितों से पहचान पत्र और छापेमारी से संबंधित अधिकृत दस्तावेज दिखाने को कहा। आरोपित कोई ठोस दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसी दौरान कारोबारी के वाट्सऐप पर छापेमारी से संबंधित एक संदेश भी भेजा गया, जिसे बाद में आरोपितों ने डिलीट कर दिया। पत्नी के सवालों और सतर्कता के चलते फर्जी टीम घर के भीतर दाखिल होकर कथित छापेमारी नहीं कर सकी और पूरी साजिश विफल हो गई।
ऐसे खुलती गई षड्यंत्रों की कलई
घटना के तीन दिन बाद कारोबारी ने पुलिस को शिकायत दी थी। शुरुआती जांच में तीन करोड़ रुपये के लेनदेन को लेकर कारोबारी के एक साझेदार पर शक जताया गया था। हालांकि तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो साजिश की कड़ी पूर्व कर्मचारी कुलदीप तक पहुंच गई।
पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर कुलदीप, आसिफा और दीप्ति को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि कुलदीप ही पूरी साजिश का मास्टरमाइंड था।
पुलिस अब इस मामले में शामिल बाकी आरोपितों की तलाश में दिल्ली समेत अन्य स्थानों पर छापेमारी कर रही है। साजिश के तार जम्मू-कश्मीर से भी जुड़े मिले हैं, जिसके बाद पुलिस टीम वहां भी जांच के लिए भेजी गई।
