पोर्टब्लेयर में महसूस किए गए भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 4.0 रही तीव्रता

Rohit Kumar
2 Min Read

भारत में एक बार फिर धरती हिली है. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक शनिवार रात को पोर्टब्लेयर, अंडमान और निकोबार द्वीप में भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया. रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.0 मापी गई. बहरहाल अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान होने की कोई खबर सामने नहीं आई है.

अरुणाचल और राजस्थान में भूकंप

इससे पहले 26 मार्च को अरुणाचल प्रदेश और राजस्थान में आधे घंटे के अंतर पर भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक अरुणाचल के चांगलांग में भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 थी. वहीं, करीब 30 मिनट बाद राजस्थान में भी भूकंप आया. ये भूकंप बीकानेर में आया था और इसकी तीव्रता 4.2 थी. इसका केंद्र बीकानेर से 516 किलोमीटर पश्चिम में था. हालांकि दोनों ही राज्यों में भूकंप से किसी जानमाल के नुकसान की खबर नहीं मिली.

दुनियाभर के 9 देशों में तेज भूकंप

वहीं 22 मार्च को दिल्ली में भी रिक्टर स्केल पर 2.7 तीव्रता का भूकंप आया था. हालांकि इसके एक दिन पहले भारत समेत दुनिया के 9 देशों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे. इसका केंद्र अफगानिस्तान में था. रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गई थी. इससे पाकिस्तान और अफगानिस्तान में 12 लोगों की जान भी चली गई थी. हालांकि भारत की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में भी ये भूकंप महसूस किया गया था. लेकिन इससे किसी नुकसान की खबर नहीं मिली. हालांकि काफी देर तक तेज झटकों से लोग दहशत में आ गए थे.

Share This Article
Leave a Comment