
गुरुग्राम के बाद नोएडा से हिट एंड रन का खौफनाक मामला सामने आया है। घटना के शिकार हिमांशु राय ने हादसे की खौफनाक कहानी सुनाई है। हिमांशु का कहना है कि वह अपने जन्मदिन पर पत्नी के साथ बाहर गए थे। केक लेकर पैदल एक मूर्ति चौराहे पर सड़क पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार टाटा पंच ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। उनका आरोप है गाड़ी करीब 100 से ज्यादा की स्पीड में रही होगी। उन्होंने ड्राइवर के नशे में होने की भी बात कही। हादसे में हिमांशु के हाथ, पैर, घुटने और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन भी हुआ है।
‘गाड़ी 100 से ज्यादा की रफ्तार में होगी’
हिमांशु ने बताया कि पांच सितंबर को उसका जन्मदिन था। ऑफिस के बाद वह अपनी पत्नी के साथ बाहर गया था। इसके बाद वह केक लेकर एक मूर्ति चौराहे पर पैदल सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान एक टाटा पंच तेज रफ्तार में आई और उसे टक्कर मार दी। हिमांशु के मुताबिक, “गाड़ी की स्पीड बहुत तेज थी। गाड़ी कंट्रोल में नहीं थी। उसने आकर मुझे टक्कर मारी। गाड़ी 100 से ज्यादा की रफ्तार में होगी।” टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
‘ऐसा लगा जैसे ड्राइवर नशे में था’
हिमांशु का कहना है कि हादसे के बाद टाटा पंच चालक मौके से चला गया। उसने ड्राइवर के नशे में होने की आशंका भी जताई। पीड़ित ने कहा कि जिस तरह से गाड़ी चल रही थी, उससे उसे लगा कि चालक नशे की स्थिति में हो सकता है। उन्होंने एएनआई को दिए बयान में कहा- “गाड़ी 100 से ज्यादा की रफ्तारी में होगी और टक्कर मारकर चली गई। जिस हिसाब से गाड़ी चल रही थी, उससे यही लगा कि वो गाड़ी वाला नशे की स्थिति में था। अगल-बगल में और भी गाड़ियां थीं जो संयम तरीके से चल रही थीं।
रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर, हुआ ऑपरेशन
हादसे में हिमांशु को गंभीर चोटें आईं। उसके हाथ, पैर और घुटने में फ्रैक्चर हुआ, जबकि रीढ़ की हड्डी में भी चोट आई। डॉक्टरों ने उसकी रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन किया है। घटना के बाद सामने आए वीडियो में भी तेज रफ्तार कार की टक्कर के बाद युवक के उछलकर सड़क पर गिरने का दृश्य दिखाई देता है।
पुलिस ने मामले में आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। टाटा पंच को भी कब्जे में लेकर कोतवाली में दाखिल कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब गुरुग्राम में महिला बाइक सवार को कार से टक्कर मारने और मौके से फरार होने का मामला चर्चा में है। नोएडा की घटना ने भी सड़क पर तेज रफ्तार और हिट एंड रन की घटनाओं को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
