
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा में ड्रग्स की तस्करी करने वाले अफ्रीकी मूल के दो विदेशी नागरिकों को पुलिस ने अरेस्ट किया है। दोनों के कब्जे से 600 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। आरोपियों के पास से 1.19 लाख रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मोबाइल फोन, पासपोर्ट और अन्य सामान भी बरामद हुआ है। दोनों आरोपी पैरामाउंट सोसायटी में रह रहे थे।
विदेशी नागरिकों से मिले 300 ग्राम के 2 पैकेट
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को तिलपता चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो विदेशी मूल के संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 300-300 ग्राम के दो पैकेट मिले। इनमें कुल 600 ग्राम सफेद पाउडर था। पुलिस ने इसकी पहचान एमडीएम के रूप में की है। इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो मोबाइल फोन, दो पासपोर्ट, दो प्लास्टिक पॉलीथिन पैकेट, दो बैग और 1.19 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीटर (47) निवासी अबिदजान सिटी, आइवरी कोस्ट और माइकल (56) निवासी अकरा सिटी, घाना के रूप में हुई है।
NDPS एक्ट में दर्ज किया गया केस
आरोपियों के खिलाफ धारा एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ आरोपियो तक कहा से पहुंचा था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, उनके सपर्कों और पैसों के लेनदेन की भी जांच कर सकती है, जिससे नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
