Delhi Traffic Police की एडवाइजरी: हनी सिंह कॉन्सर्ट के चलते ट्रैफिक डायवर्जन, कई रास्तों पर रहेगा असर

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली- दिल्ली में मशहूर रैपर के कॉन्सर्ट को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। कार्यक्रम के चलते राजघाट और आसपास के इलाकों में शनिवार को कई सड़कों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना जताई गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 14 मार्च को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित कॉन्सर्ट के कारण दोपहर बाद से देर रात तक बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसी को देखते हुए दोपहर करीब 2 बजे से रात 10 बजे तक कुछ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा और जाम की स्थिति भी बन सकती है।

यातायात पुलिस ने बताया कि आईपी मार्ग, विकास मार्ग और राजघाट से आईपी डिपो के बीच रिंग रोड के हिस्से पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इस दौरान कुछ मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन पर भी अस्थायी रोक लगाई जाएगी, ताकि आम यातायात सुचारु बना रहे।

साथ ही रिंग रोड के राजघाट से आईपी फ्लाईओवर तक दोनों ओर सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को क्रेन से उठाकर हटाया जाएगा और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम में आने वाले दर्शकों के लिए स्टेडियम के विभिन्न गेटों से प्रवेश की व्यवस्था की गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें और जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें, जिससे किसी को असुविधा न हो।

Share This Article
Leave a Comment