गुरुग्राम। शहर में ऑनलाइन ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। भोंडसी और सेक्टर-66 इलाके में साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से दो लोगों के खातों से रकम निकाल ली। एक मामले में ठगों ने अमेजन-पे के माध्यम से खाते से 1.23 लाख रुपये उड़ाए, जबकि दूसरे मामले में एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड से 20 हजार रुपये से अधिक निकाल लिए गए। दोनों मामलों में साइबर साउथ थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमेजन-पे के जरिए निकाले 1.23 लाख रुपये
भोंडसी के मोहन नगर निवासी रमन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 अक्तूबर को जब वे घर पर थे, तभी उनके मोबाइल पर अमेजन-पे से 2.03 लाख रुपये की ट्रांजेक्शन का मैसेज आया। उन्होंने तुरंत ही बैंक से संपर्क कर रकम रोकने की कोशिश की। बैंक की कार्रवाई के बाद 80 हजार रुपये की ट्रांजेक्शन रद्द हो सकी, लेकिन 1.23 लाख रुपये की राशि ठगों के खाते में चली गई। रमन कुमार का कहना है कि उन्होंने किसी लिंक पर क्लिक नहीं किया और न ही किसी को ओटीपी बताया, इसके बावजूद ठगों ने उनके खाते से पैसे निकाल लिए। पुलिस साइबर फ्रॉड की तकनीकी जांच में जुटी है।
क्रेडिट कार्ड से 20 हजार की ठगी
दूसरा मामला सेक्टर-66 निवासी दीपक बक्शी का है। दीपक ने पुलिस को बताया कि शनिवार को उनके पास चार मैसेज आए, जिनमें बताया गया कि उनके क्रेडिट कार्ड से कुल 20,593 रुपये की ट्रांजेक्शन हो चुकी है। जब उन्होंने बैंक से संपर्क किया, तब पता चला कि ये सभी ट्रांजेक्शन अनधिकृत थीं। दीपक ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन और कार्ड कंपनी से शिकायत की, लेकिन तब तक रकम निकल चुकी थी।
पुलिस ने केस दर्ज कर की शुरू जांच
दोनों ही मामलों में साइबर साउथ थाना पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बैंक खातों और डिजिटल वॉलेट से जुड़ी ठगी के मामलों में साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं, इसलिए नागरिकों को किसी भी लिंक या कॉल पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
