बिना सूचना दबिश पर निकली टीम, साइबर थाना प्रभारी समेत चार निलंबित

News Desk
2 Min Read

नोएडा: गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने साइबर क्राइम थाने के प्रभारी विजय सिंह राणा और चार अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। आरोप है कि थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को बताए बिना ही दबिश के लिए टीम रवाना की। निलंबित किए गए कर्मचारियों में एक सब इंस्पेक्टर और दो हेड कॉन्स्टेबल भी शामिल हैं।

काम में लापरवाही के आरोप में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने शुक्रवार को साइबर क्राइम थाने के प्रभारी और चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। निलंबित कर्मचारियों में थाना प्रभारी विजय सिंह राणा, सब इंस्पेक्टर विकास, हेड कॉन्स्टेबल विनय कुमार और कमल शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद साइबर थाने में नए प्रभारी की नियुक्ति अभी नहीं हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, थाना प्रभारी ने बड़े अधिकारियों को बताए बिना दबिश के लिए पुलिस टीम भेज दी थी। नियमों के मुताबिक, ऐसी कार्रवाई से पहले संबंधित अधिकारियों को सूचित करना जरूरी था, लेकिन थाना प्रभारी ने उच्चाधिकारियों को इस बारे में जानकारी नहीं दी।

जांच में लापरवाही मिली

बाद में जब वरिष्ठ अधिकारियों को पता चला कि बिना अनुमति पुलिस टीम को दबिश के लिए भेजा गया, तो मामले को गंभीरता से लिया गया। शुरुआती जांच में इसे पुलिस की कार्यप्रणाली में लापरवाही माना गया और थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।

पिछले सप्ताह भी कार्रवाई की गई थी

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर की इस कार्रवाई से विभाग में हलचल मच गई है। इससे पहले पिछले सप्ताह पुलिस कमिश्नर ने नोएडा के फेस-3 और सेक्टर-49 के थाना प्रभारियों को भी हटा दिया था। दीवाली के बाद कई अन्य थाना प्रभारियों के तबादले की चर्चा चल रही है।

Share This Article
Leave a Comment